ब्रेकिंग न्यूज़
पीएम मोदी ने छात्रों के लिए रोका अपना काफिला: नीट परीक्षा के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर 45 मिनट रुके
ताजा खबर ताजा खबर

विजय मिश्रा गैंग पर भदोही पुलिस का अब तक का सबसे बड़ा एक्शन, 100 करोड़ की दाल मिल कुर्क

by on | 2026-07-07 22:42:33

Share: Facebook | Twitter | WhatsApp | LinkedIn Visits: 3058


विजय मिश्रा गैंग पर भदोही पुलिस का अब तक का सबसे बड़ा एक्शन, 100 करोड़ की दाल मिल कुर्क

बड़ी कार्रवाई: महाराष्ट्र के धाराशिव में गैंगस्टर एक्ट के तहत जब्ती, माफिया गिरोह की अब तक 241 करोड़ की संपत्ति हो चुकी है कुर्क

भदोही । माफिया और संगठित अपराधियों के खिलाफ भदोही पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने पूर्व विधायक व बाहुबली विजय मिश्रा गैंग की आर्थिक कमर तोड़ते हुए महाराष्ट्र के धाराशिव जिले में स्थित 'लल्ली एग्रो इंडस्ट्रीज' (दाल मिल) को कुर्क कर दिया है। गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत की गई इस कार्रवाई में जब्त संपत्ति का अनुमानित बाजार मूल्य 100 करोड़ 25 लाख रुपये आंका गया है। पुलिस के अनुसार, यह मिल अपराध से अर्जित अवैध धन के जरिये विजय मिश्रा गैंग के लिए उसके दामाद मुकेश तिवारी ने खड़ी की थी।

अफसरों की मौजूदगी में हुई जब्ती

यह बड़ी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण तथा जिलाधिकारी भदोही के आदेश पर मंगलवार को अमली जामा पहनाई गई। पुलिस के मुताबिक, विजय मिश्रा, उसका पुत्र विष्णु मिश्रा, पत्नी रामलली मिश्रा और गिरोह के अन्य सदस्य एक संगठित गिरोह के रूप में आर्थिक व भौतिक लाभ के लिए लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देते आ रहे हैं।

2026 में दो बड़े झटके: जेल और फिर कुर्की

​भदोही पुलिस ने बताया कि इस साल (2026) में विजय मिश्रा गैंग के खिलाफ यह दूसरी बड़ी चोट है।

  • पहला झटका (सजा): इसी वर्ष न्यायालय ने विजय मिश्रा, उसकी पत्नी रामलली मिश्रा और पुत्र विष्णु मिश्रा को 10-10 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई। वहीं, उसकी पुत्रवधू को 4 वर्ष के कठोर कारावास की सजा मिली। सभी पर कुल 5.26 लाख रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया।
  • दूसरा झटका (कुर्की): सजा के बाद अब सीधे महाराष्ट्र में 100.25 करोड़ रुपये मूल्य की लल्ली एग्रो इंडस्ट्रीज को गैंगस्टर एक्ट में कुर्क कर आर्थिक साम्राज्य को ढहा दिया गया।

गैंग लीडर विजय मिश्रा पर दर्ज हैं 87 मुकदमे

​पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, गैंग लीडर और पूर्व विधायक विजय मिश्रा के खिलाफ हत्या, लूट, रंगदारी और जमीन कब्जे जैसे कुल 87 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पैरवी के चलते इनमें से 7 मामलों में न्यायालय उसे दोषी भी ठहरा चुका है। पुलिस का दावा है कि विजय मिश्रा की पत्नी रामलली, पुत्र विष्णु और दामाद मुकेश तिवारी भी गिरोह की इस काली कमाई और अवैध गतिविधियों में बराबर के साझीदार रहे हैं।

कोट

"माफिया और संगठित अपराधियों के खिलाफ हमारा विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। विजय मिश्रा गैंग ने अपराध के जरिये जो भी अवैध साम्राज्य खड़ा किया है, उसे पूरी तरह नेस्तनाबूद किया जा रहा है। 2022 से अब तक इस गैंग की करीब 241 करोड़ 29 लाख रुपये की संपत्तियां कुर्क की जा चुकी हैं और आगे भी ऐसी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।"

अभिनव त्यागी, पुलिस अधीक्षक, भदोही



Search
Recent News
Popular News
Top Trending
Most Popular

Leave a Comment