ब्रेकिंग न्यूज़
यूपी को पहली शयनयान वंदे भारत की सौगात, बनारस से दिल्ली का सफर होगा आसान
हादसा और दुर्घटना हादसा

गाजीपुर में बड़ी लापरवाही: भांवरकोल में बिना कागजात के दौड़ रही आरजेएम स्कूल की वैन पलटी, 17 बच्चों की जान खतरे में पड़ी

by on | 2026-11-05 19:38:41

Share: Facebook | Twitter | WhatsApp | LinkedIn Visits: 3062


गाजीपुर में बड़ी लापरवाही: भांवरकोल में बिना कागजात के दौड़ रही आरजेएम स्कूल की वैन पलटी, 17 बच्चों की जान खतरे में पड़ी

​गाजीपुर/भांवरकोल। जनपद में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ताक पर रखकर किस तरह से मौत के वाहन सड़कों पर दौड़ाए जा रहे हैं, इसकी एक बानगी आज भांवरकोल थाना क्षेत्र में देखने को मिली। मनियां स्थित आरजेएम विद्यालय (RJM School, Maniyan) की लापरवाही का यह आलम रहा कि छात्रों से भरी स्कूली वैन का चलते वाहन में अचानक अगला पहिया निकल गया, जिससे अनियंत्रित होकर वाहन लोहारपुर के पास सड़क किनारे पलट गया। हादसे के वक्त वाहन में मासूम छात्र सवार थे। गनीमत यह रही कि इस भयंकर हादसे में किसी भी बच्चे को गंभीर चोट नहीं आई और सभी बाल-बाल बच गए, वरना एक बड़ी ट्रेजडी से इनकार नहीं किया जा सकता था।

​बिना फिटनेस और परमिट के धड़ल्ले से चल रहा था वाहन

​हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही भांवरकोल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वैन को कब्जे में लेकर थाने ले आई। सबसे बड़ा और चौंकाने वाला पहलू यह है कि शुरुआती पड़ताल में सामने आया है कि उक्त स्कूली वाहन के आवश्यक कागजात, फिटनेस और परमिट की वैधता काफी पहले समाप्त हो चुकी थी। इसके बावजूद, नियमों को ठेंगा दिखाते हुए वाहन को धड़ल्ले से बच्चों की ढुलाई में लगाया गया था।

​शिक्षा विभाग और परिवहन महकमे की कार्यशैली पर सवाल

​इस घटना ने एक बार फिर स्कूल प्रबंधन की आपराधिक लापरवाही के साथ-साथ जिला प्रशासन, परिवहन विभाग और शिक्षा महकमे की कार्यप्रणाली को कटघरे में खड़ा कर दिया है। सवाल यह है कि आखिर बिना वैध दस्तावेजों और फिटनेस के बच्चों की जिंदगी को दांव पर लगाकर वाहन सड़कों पर कैसे दौड़ रहा था? क्या संबंधित विभागों के अधिकारियों की नींद तभी खुलेगी जब कोई बड़ा हादसा हो जाएगा?

​जिम्मेदारों के बयान

​भांवरकोल थाना प्रभारी राजीव कुमार पांडेय ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन को थाने लाया गया है। बच्चों के अभिभावकों की ओर से तहरीर मिलने पर विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ सुसंगत धाराओं में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


​खंड शिक्षा अधिकारी भांवरकोल, मनीष पांडेय ने इस पूरे मामले को बेहद गंभीरता से लिया है। उन्होंने कहा कि घटना की जांच कराई जा रही है। विद्यालय और वाहनों के समस्त अभिलेखों की गहन पड़ताल होगी और यदि मानकों में कोई भी कमी पाई गई, तो संबंधित विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।


​अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या 17 मासूमों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ करने वाले इस मामले में महज कागजी जांच का खानापूर्ति होगी या फिर इस गैर-जिम्मेदाराना रवैये के लिए विद्यालय प्रबंधन की सीधी जवाबदेही भी तय की जाएगी? 



Search
Recent News
Top Trending
Most Popular

Leave a Comment