ब्रेकिंग न्यूज़
यूपी को पहली शयनयान वंदे भारत की सौगात, बनारस से दिल्ली का सफर होगा आसान
ताजा खबर ताजा खबर

विनीत राय हत्याकांड: यूपी में 'भयमुक्त सरकार' के दावों का निकला जनाजा! कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय का सीएम योगी पर सीधा वार– "नहीं संभल रही सत्ता, तो लौट जाएं मठ"

by on | 2026-06-07 01:44:39

Share: Facebook | Twitter | WhatsApp | LinkedIn Visits: 3262


विनीत राय हत्याकांड: यूपी में 'भयमुक्त सरकार' के दावों का निकला जनाजा! कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय का सीएम योगी पर सीधा वार– "नहीं संभल रही सत्ता, तो लौट जाएं मठ"

​गाजीपुर। उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था की बदहाली और अपराधियों के बढ़ते हौसलों ने एक बार फिर सरकार के 'ऑल इज वेल' के दावों की धज्जियां उड़ा दी हैं। गाजीपुर में हुए चर्चित विनीत राय हत्याकांड को लेकर सूबे की सियासत पूरी तरह गर्मा गई है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और पूर्व मंत्री अजय राय शनिवार को गाजीपुर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सांत्वना दी और सीधे तौर पर प्रदेश सरकार को कटघरे में खड़ा किया।

​'राम राज्य' के दावों के बीच अपराधियों का तांडव

​गंभीर और भावुक माहौल के बीच पत्रकारों से रूबरू होते हुए अजय राय ने यूपी सरकार पर तीखे शब्दबाण छोड़े। उन्होंने कहा कि होटल व्यवसायी आलोक राय का परिवार जिले का एक बेहद सम्मानित परिवार है, लेकिन उनके बेटे विनीत राय की जिस बेरहमी और बर्बरता से हत्या की गई, उसने सूबे की लचर कानून व्यवस्था का असली चेहरा बेनकाब कर दिया है।

​अजय राय ने पुलिस प्रशासन पर ढिलाई का आरोप लगाते हुए कहा:

​"घटना के मुख्य आरोपी अब तक खुलेआम घूम रहे हैं और पुलिस के हाथ खाली हैं। यह योगी सरकार की कार्यप्रणाली पर एक बड़ा और गंभीर सवालिया निशान है। उत्तर प्रदेश में आज हत्या, लूट, अपहरण और महिलाओं के खिलाफ अपराधों की बाढ़ आई हुई है, लेकिन सरकार सिर्फ कागजी दावों और झूठे प्रचार में मस्त है।"


​"सत्ता छोड़ मठ लौटें मुख्यमंत्री" – अजय राय

​योगी सरकार की 'जीरो टॉलरेंस' नीति पर करारा प्रहार करते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सीधे निशाने पर लिया। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि अगर मुख्यमंत्री से प्रदेश की कानून व्यवस्था नहीं संभल रही है और जनता को सुरक्षा देने में वह नाकाम हैं, तो उन्हें तुरंत सत्ता छोड़ देनी चाहिए और वापस अपने मठ लौट जाना चाहिए। प्रदेश की जनता आज खौफ और असुरक्षा के साये में जीने को मजबूर है।

​शोक संतप्त परिवारों से मिले कांग्रेस नेता

​विनीत राय के परिजनों को ढांढस बंधाने के बाद अजय राय ने जिले में अन्य शोक संतप्त कांग्रेस नेताओं के घर जाकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

  • ​वह वरिष्ठ कांग्रेस नेता अखिलेश्वर प्रसाद सिंह के आवास पहुंचे, जहां उनकी धर्मपत्नी के निधन पर दुख जताया।
  • ​इसके बाद कांग्रेस नेत्री कुसुम तिवारी के घर जाकर उनकी सासू मां के निधन पर परिजनों को सांत्वना दी और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।

​कांग्रेसी दिग्गजों का रहा जमावड़ा

​अजय राय के इस दौरे के दौरान गाजीपुर में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इस मौके पर मुख्य रूप से:

प्रदेश सचिव फसाहत हुसैन ‘बाबूजी’, जिला कोऑर्डिनेटर मनीष मोरोलिया, ओमप्रकाश ओझा, जिलाध्यक्ष सुनील राम, शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा, पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह, पूर्व विधायक पशुपतिनाथ राय, एआईसीसी सदस्य रविकांत राय, आनंद राय, जनक कुशवाहा और लालसाहब यादव समेत सैकड़ों की संख्या में कांग्रेसी जांबाज मौजूद रहे।



Search
Recent News
Top Trending
Most Popular

Leave a Comment